मोदी और केजरीवाल को धन्यवाद बोलकर नजीब जंग ने दिया दिल्ली के LG पर से इस्तीफ़ा

delhi-lg-najeeb-jung-resign-saying-thanks-to-pm-modi-and-cm-kejriwal
delhi-lg-najeeb-jung-resign-saying-thanks-to-pm-modi-and-cm-kejriwal

नई दिल्ली, 22 दिसम्बर: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के साथ अंतहीन विवादों में उलझे रहने वाले दिल्ली के उप राज्यपाल नजीब जंग ने गुरुवार को अपने पद से इस्तीफा दे दिया और कहा किवह 'अपने पहले प्यार' शिक्षण कार्य की तरफ लौट रहे हैं। एक संक्षिप्त बयान में जंग (66) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल का शुक्रिया अदा किया।

बयान के मुताबिक, "उन्होंने उप राज्यपाल के रूप में अपने कार्यकाल के दौरान खुद को मिली हर तरह की मदद व सहयोग के लिए प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया है।"

केंद्र में कांग्रेसनीत गठबंधन सरकार के दौरान नजीब जंग नौ जुलाई, 2013 को दिल्ली के उप राज्यपाल बने थे। मोदी सरकार ने कई राज्यों में राज्यपालों को बदलने के बावजूद उन्हें उनके पद पर बरकरार रखा था।

बयान के मुताबिक, "दो वर्षो के साथ के लिए जंग ने दिल्ली के मुख्यमंत्री का भी शुक्रिया अदा किया।"

बयान में कहा गया है कि जंग ने 'दिल्ली के लोगों को उनके समर्थन व प्रेम' के लिए धन्यवाद दिया, खासकर एक साल के राष्ट्रपति शासन के दौरान, जिसके बाद फरवरी 2015 में हुए विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की प्रचंड जीत हुई थी।

भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) के मध्य प्रदेश कैडर के पूर्व अधिकारी तथा जामिया मिलिया इस्लामिया विश्वविद्यालय के पूर्व कुलपति जंग ने अचानक इस्तीफे की कोई वजह नहीं बताई है।

जंग के कार्यकाल के दौरान उनके कार्यालय तथा केजरीवाल के नेतृत्व वाली आप सरकार के संबंध सदा तनावपूर्ण बने रहे। 

दिल्ली के प्रशासनिक नियंत्रण के मुद्दे पर जंग तथा केजरीवाल के बीच सदा ठनी रही।

केंद्र सरकार उपराज्यपाल के माध्यम से दिल्ली पुलिस, कानून व व्यवस्था तथा जमीनों से जुड़े मुद्दों पर नियंत्रण रखती है।

दिल्ली पर प्रशासनिक नियंत्रण का मुद्दा न्यायालय तक पहुंचा। दिल्ली उच्च न्यायालय ने चार अगस्त को फैसला जंग के समर्थन में दिया, जिसके बाद आप सरकार सर्वोच्च न्यायालय पहुंची, जहां यह मुद्दा फिलहाल विचाराधीन है।
फेसबुक, WhatsApp, ट्विटर पर शेयर करें

Delhi

Post A Comment:

0 comments: