रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि देश रक्षा के क्षेत्र में आत्मनिर्भर हो रहा है और सेना आज हर मोर्चे पर पूरी क्षमता के साथ खडी है। देहरादून के गुनियाल गांव में सैन्य धाम की आधारशिला रखते हुए उन्होंने कहा कि भारत विश्व में एक मजबूत और शक्तिशाली देश के रूप में आगे आ रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि पूर्व सैनिकों की वन रैंक वन पेंशन मांग का समाधान प्रधानमंत्री द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि सरकार सैनिकों और उनके परिवारों की समस्या का समाधान करने के लिए हर मोर्चे पर प्रयास कर रही है। पूर्व सैनिकों की समस्या का भी समाधान किया जा रहा है। रक्षा मंत्री ने कहा कि भारत और नेपाल के बीच रोटी-बेटी का अटूट संबंध है।
इस बीच, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रमुख रक्षा अध्यक्ष स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत ने इस राज्य के बारे में कुछ सपने देखे थे जिन्हें राज्य सरकार पूरा करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार पूरे समर्पण के साथ सैन्य धाम का निर्माण कर रही है। इससे युवाओं को राष्ट्र सेवा करने की प्रेरणा मिलेगी। केन्द्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने कहा कि पहले भारत रक्षा उपकरणों का आयात करता था और अब रक्षा उपकरण निर्यात किए जा रहे हैं।
Post A Comment:
0 comments: