कोरोना वायरस ने एक बार फिर से कहर बरपाना शुरू कर दिया है, चंडीगढ़ प्रशासन ने आज से रात 10 बजे से सुबह पांच बजे तक का कर्फ्यू लगाने की घोषणा की है। पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वी.पी. सिंह बदनोर की अध्यक्षता में कल चंडीगढ़ में हुई बैठक में यह फैसला किया गया। केन्द्र शासित प्रदेश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों के देखते हुए यह निर्णय लिया गया है। कर्फ्यू के दौरान सभी प्रकार के आयोजन, पार्टियां और सभी सामाजिक गतिविधियों पर रोक लगा दी गई है। रेस्त्रां भी रात 10 बजे तक बंद हो जाने चाहिए। प्रशासन ने कहा है कि यदि स्थिति में सुधार हुआ तो रात के कर्फ्यू पर पुनर्विचार किया जा सकता है।
प्रशासन ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया है कि रात के कर्फ्यू का सख्ती से पालन सुनिश्चित करें। यह भी कहा गया है कि यदि लोगों ने कोविड के दिशा-निर्देशों का पालन नहीं किया तो सप्ताहांत कर्फ्यू लगाने और साप्ताहिक अपनी मंडी तथा अन्य भीड़-भाड़ वाली जगहों को बंद करने जैसे कड़े कदम भी उठाये जा सकते हैं।
गुजरात के 20 शहरों में आज से रात्रि कर्फ्यू लगाया जा रहा है। यह कर्फ्यू 30 अप्रैल तक रात 8 बजे से सुबह 6 बजे तक रहेगा। राज्य सरकार ने राजनीतिक और सामाजिक समारोहों के आयोजन पर भी प्रतिबंध लगा दिया है। शादी समारोहों में केवल एक सौ लोगों को शामिल होने की अनुमति होगी। 10 से 30 बिस्तरों वाले छोटे अस्पतालों को हल्के लक्षण वाले मरीजों का उपचार करने की अनुमति दी गई है।
जिन शहरों में कर्फ्यू लगाया जा रहा है वे हैं-अहमदाबाद, सूरत, वडोदरा, राजकोट, जामनगर, भावनगर, जूनागढ़, गांधीनगर, आणंद, नाडियाड, मेहसाणा, मोरबी, दाहोद, पाटण, गोधरा, भुज, गांधीधाम, भड़ूच, सुरेंद्रनगर और अमरेली। इस बीच राज्य में कल तीन हज़ार 280 लोगों में कोविड संक्रमण की पुष्टि हुई और 17 लोगों की मौत भी हुई।